रूस ने जेलेंस्की को बुलाया मास्को, करेंगे शांति वार्ता
Jagran Prabhat : रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी, 2022 को युद्ध शुरू हुआ था। अब चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका है। युद्ध ने लाखों लोगों की जान ले ली। कई शहर मलबे में तब्दील हो गए हैं। युद्ध बंद हो। इसके लिए प्रयास जारी हैं।
रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को शांति वार्ता के लिए मास्को आने का निमंत्रण दिया है। क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि अगर जेलेंस्की मास्को आते हैं तो उनकी सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी। मास्को और कीव एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले बंद करने पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों ने युद्ध में मारे गए सैनिकों का आदान-प्रदान किया है। निमंत्रण पर मास्को को अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। रूसी और यूक्रेनी वार्ता प्रतिनिधिमंडलों के बीच अबू धाबी में वार्ता का नया दौर रविवार को निर्धारित है। इस बीच, चेचन्या में क्रेमलिन समर्थित नेता रमजान कादिरोव ने शांति के बजाय युद्ध को तेज करने का आह्वान किया। उनकी टिप्पणी कट्टरपंथियों के इस विश्वास को दर्शाती हैं कि मास्को जीत रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने यूक्रेन के सूमी क्षेत्र में स्थित बिला बेरेजा गांव पर कब्जा कर लिया है। वहीं, यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले में तीन लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कीव पर एक सप्ताह तक हमला न करने का अनुरोध किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अनुरोध किया है कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर एक सप्ताह तक हमला नहीं किया जाए। क्योंकि इस क्षेत्र में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक कैबिनेट बैठक के दौरान कहा कि मैंने व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि वे कीव और अन्य शहरों और कस्बों पर हमले न करें। ट्रंप ने यह भी कहा कि पुतिन ने इस पर सहमति जताई है। हालांकि रूस की ओर से इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की गई है।

Post a Comment