दिल्ली में पति ने पत्नी और तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी
Jagran Prabhat :नई दिल्ली के समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके में बुधवार सुबह एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आशंका है कि वारदात से पहले चारों को नशीला पदार्थ दिया गया और बेहोशी की हालत में हत्या की गई। पुलिस सीसीटीवी को खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से महिला का पति फरार है। भागते हुए उसका फुटेज सीसीटीवी में कैद हुआ है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बताया कि अनीता (30) और उसकी पांच, चार व तीन वर्ष की तीन बेटियां की हत्या की गई है।
जिले के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति मुनचुन केवट पर संदेह है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और खाने-पीने के सामान के नमूने जांच के लिए जब्त किया गया है। उसकी जांच की जाएगी।
अनीता परिवार सहित गली नंबर-तीन, चंदन पार्क में किराए के कमरे में रहती थी। मुनचुन मूलरूप से बिहार के पटना और अनीता गया जिले की रहने वाली है। मुनचुन के तीन भाई पास में ही रहते हैं और आजादपुर मंडी में अदरक का कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे 10 वर्षीय भतीजे अंकित ने कमरे में चारों के खून से सने शव देखकर शोर मचाया।
सूचना पर पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। फरार पति की तलाश में पुलिस की छह टीमें दिल्ली, बिहार, यूपी और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Post a Comment