बिहार के गया जी में बागेश्वरी के लोगों का आवागमन अब और होगा सुविधाजनक

 

बागेश्वरी रेल फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण के लिए भूमि पूजा करते बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार।

  • बागेश्वरी रेल फाटक पर बनेगा आरओबी, विधानसभा अध्यक्ष ने किया भूमि पूजन 
  • 100 करोड़ रुपये से ओवरब्रिज का निर्माण होगा, लोगों में उत्साह का माहौल है

Jagran Prabhat : बिहार के गया जी का बागेश्वरी मोहल्ला। यहां के लोगों को रोज जाम के झाम से फजीहत होती है। अब जाम से लोगों को जल्द मुक्ति मिलने वाली है। आवागमन और आसान होगा। यहां के लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बागेश्वरी रेल फाटक है। ग्रैंड कार्ड रेलखंड होने के कारण हर पांच मिनट पर यहां से रेल गुजरती है। ओवरब्रिज (आरओबी) नहीं रहने के कारण गुमटी के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। गुमटी खुलने के बाद सारे लोग इधर से उधर पार भी नहीं कर पाते हैं कि फिर से ट्रेन के आने की सूचना हो जाती है और फिर से फाटक बंद कर दिया जाता है। गया-पटना सड़क पर बागेश्वर रेल फाटक से गुजरने वाले लोगों को अब जल्द ओवरब्रिज की सुविधा मिलेगी।

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष सह गया जी नगर के विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार (21 फरवरी) को ओवरब्रिज के लिए भूमि पूजन किया। यहां ओवरब्रिज 100 करोड़ रुपये से बनेगा। यहां के लोग वर्षों से ओवरब्रिज निर्माण होने का इंतजार कर रहे हैं। भूमि पूजन होने से लोगों में अब विश्वास हो गया है जल्द ही ओवरब्रिज की सुविधा मिलेगी। गया-मानपुर रेलखंड पर स्थित बागेश्वरी रेल फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण कार्य का शुभारंभ डेल्हा में किया गया। मौके पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, अभियंता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह परियोजना गया जी शहर की यातायात व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बागेश्वरी गुमटी पर रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। स्कूली बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रोज परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरओबी निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और आवागमन सुगम बनेगा। डॉ. ने बताया कि यह परियोजना बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड कार्य प्रमंडल गया द्वारा कराया जाएगा। यह ओवरब्रिज गया स्टेशन को रामशिला और प्रेतशिला मार्ग को जोड़ेगा, जिससे धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। गया जी एक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक नगरी है। 

No comments

Powered by Blogger.