Jagran Prabhat : बिहार सरकार ने सरकारी विद्यालयों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी सरकारी स्कूल शनिवार को आधे दिन यानी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही संचालित होंगे। शिक्षा विभाग ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा की थी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक स्कूलों का समय पहले की तरह सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक रहेगा, जबकि शनिवार को पढ़ाई के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।
शनिवार होगा 'नो बैग डे', पढ़ाई के साथ सीखेंगे जीवन कौशल
नई व्यवस्था के तहत शनिवार को 'नो बैग डे' मनाया जाएगा। यानी बच्चों को भारी स्कूल बैग लेकर आने की जरूरत नहीं होगी। इस दिन विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि-नाटक, संगीत, चित्रकला, खेलकूद, लोक संस्कृति, कहानी लेखन, भाषण और वाद-विवाद सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की योजना बनाई गई है। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे बच्चों की रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी।
कला और संगीत के शिक्षकों की होगी नियुक्ति
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार विद्यालयों में कला और संगीत में दक्ष शिक्षकों की नियुक्ति भी करेगी।इसका उद्देश्य केवल परीक्षा आधारित शिक्षा नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना है।
पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए क्या रहेगा नया शेड्यूल?
सुबह 9:30 बजे से कक्षाएं और गतिविधियां शुरू होंगी।
दोपहर 12 बजे तक शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियां चलेंगी।
12:00 से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा।
भोजन के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। शनिवार को बच्चों का दिन पढ़ाई के साथ-साथ सीखने और आनंद लेने का होगा।
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्या रहेगा नियम?
हाई स्कूल और प्लस-टू विद्यालयों में भी शनिवार को दोपहर एक बजे तक ही कक्षाएं और अन्य निर्धारित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी जाएगी।
शिक्षकों के लिए भी जारी हुई नई कार्य व्यवस्था
अधिसूचना के अनुसार, विद्यार्थियों की छुट्टी होने के बाद भी शिक्षकों की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होगी। प्रतिदिन उन्हें लगभग एक घंटे तक विद्यालय में रहकर निम्न कार्य करने होंगे।
अगले दिन की पाठ योजना (Lesson Plan) तैयार करना
उत्तर पुस्तिकाओं और गृह कार्य का मूल्यांकन
शिक्षक डायरी अपडेट करना
प्रयोगशाला और शिक्षण सामग्री का प्रबंधन
कमजोर विद्यार्थियों के लिए रिमेडियल क्लास की तैयारी
इन कार्यों के पूरा होने के बाद ही शिक्षक विद्यालय से प्रस्थान करेंगे।
सरकार का उद्देश्य क्या है?
शिक्षा विभाग का मानना है कि केवल पाठ्यपुस्तकों से शिक्षा पूरी नहीं होती। नई व्यवस्था का उद्देश्य है।
बच्चों में रचनात्मक क्षमता विकसित करना
स्कूल को तनावमुक्त और आनंददायक बनाना
कला, संस्कृति और खेल को शिक्षा का हिस्सा बनाना
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप समग्र शिक्षा को बढ़ावा देना।
Q1. बिहार में सरकारी स्कूल अब कितने बजे तक चलेंगे?
शनिवार को सरकारी स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित होंगे।
Q2. नो बैग डे क्या है?
शनिवार को बच्चों को बैग लाने की आवश्यकता नहीं होगी। इस दिन कला, संगीत, खेल, नाटक और अन्य रचनात्मक गतिविधियां कराई जाएंगी।
Q3. सोमवार से शुक्रवार तक स्कूल का समय बदला है क्या?
नहीं। सोमवार से शुक्रवार तक स्कूल पहले की तरह सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेंगे।
Q4. क्या मिड डे मील मिलेगा?
हां। शनिवार को भी कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन मिलेगा।
Q5. क्या यह नियम पूरे बिहार में लागू होगा?
हां। शिक्षा विभाग की अधिसूचना के अनुसार यह व्यवस्था राज्य के सरकारी विद्यालयों में लागू होगी।

0 Comments