Jagran Prabhat : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अनंत कुमार को एक बार फिर गया जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति का फैसला शनिवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान लिया गया। इस निर्णय को जिले में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा देने वाला माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य सेक्टर प्रभारी सह विभिन्न प्रदेशों के मुख्य केंद्रीय प्रभारी सह पूर्व सांसद राजाराम साहब के निर्देश पर अनंत कुमार को दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई। नियुक्ति के बाद प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो, केंद्रीय प्रदेश प्रभारी ई. हरिकेश्वर पासवान और केंद्रीय प्रभारी सह प्रदेश कार्यालय प्रभारी श्रीकांत साहब ने संयुक्त रूप से उन्हें जिलाध्यक्ष का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
गौरतलब है कि अनंत कुमार इससे पहले भी गया जिला अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी दिनों में जिले में बसपा के संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियान को नई गति मिल सकती है।
उनकी नियुक्ति पर पूर्व जिला महासचिव अभय कुमार चौधरी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. मदन राम, पूर्व जिला उपाध्यक्ष उमेश पासवान, बीबीएफ के जिला संयोजक ई. ऋतुराज गौतम, गुरारू विधानसभा प्रभारी राजू रंजन चौधरी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन विश्वकर्मा तथा खिजरसराय प्रखंड अध्यक्ष परशुराम कुमार सहित कई नेताओं ने खुशी जताते हुए बधाई दी। सभी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि अनंत कुमार के नेतृत्व में गया जिले में पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

0 Comments