![]() |
आरा स्टेशन पर हत्याकांड की जांच करती पुलिस। |
- प्लेटफॉर्म नंबर दो के ओवरब्रिज पर घटना को दिया अंजाम
- मंगलवार को बेटी को जाना था दिल्ली स्टेशन पर छोड़ने आए थे पिता
- दिल्ली में एमबीए की पढ़ाई कर रही थी आयुषी कुमारी
- एलआइसी के एजेंट थे छात्रा के पिता अनिल कुमार
Jagran Prabhat : बिहार के आरा रेलवे स्टेशन मंगलवार की देर शाम करीब पौने आठ बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजने लगा। गोलियों की आवाज से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक प्लेटफॉर्म नंबर दो के ओवरब्रिज पर तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर दो के ओवरब्रिज पर अमन कुमार (29) ने पहले जिया कुमारी उर्फ आयुषी कुमारी (18) को गोली मारी। फिर उसके पिता अनिल कुमार ( 55) को। इसके बाद अमन ने खुद को गोली मार ली। तीनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। अनिल कुमार आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड के रहने वाले थे और अमन उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असली गांव कर रहने वाला था। वह शत्रुघ्न सिंह का पुत्र था। वह प्राइवे कंपांडर का काम करता था।
![]() |
आरा स्टेशन के ओवरब्रिज पर मृत पड़े जिया कुमारी, अनिल कुमार और अमन कुमार। |
बताया गया कि जिया उर्फ आयुषी कुमारी की देर शाम आरा स्टेशन से ट्रेन पड़कर दिल्ली जाने वाली थी। उसके पिता अनिल कुमार उसे लेकर आरा स्टेशन के दो नंबर प्लेटफॉर्म पर छोड़ने जा रहे थे। तभी अमन कुमार प्लेटफार्म नंबर दो-तीन के बीच ओवरब्रिज पर पहुंच गया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू दी। आयुषी कुमारी दिल्ली में रहकर एमबीए की तैयारी कर रही थी। उसके पिता अनिल कुमार सिन्हा एलआइसी एजेंट थे। अनिल कुमार मूल रूप से बिहिया के बांधा गांव के रहने वाले थे। आयुषी की मां शिक्षिका हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस के साथ आरा की पुलिस पहुंची और मामले की जांच की। एएसपी परिचय कुमार के साथ ही आरपीएफ कमांडेंट पी पांडा भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। घटनास्थल पर से पुलिस ने एक पिस्टल और खोखा बरामद किया है। एफएसएल की टीम भी मामले की जांच कर रही है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन, एकतरफा प्रेम प्रसंग की चर्चा हो रही है। ओवरब्रिज की घेराबंदी कर देने से कई लोगों की ट्रेनें छूट गई।
![]() |
आरा स्टेशन पर रोते जिया कुमारी उर्फ आयुषी कुमारी के परिजन। |
एएसपी परिचय कुमार ने बताया बताया कि एक युवती समेत तीन लोगों की गोली लगने से मौत हुई है। युवती अपने पिता के साथ प्लेटफार्म नंबर तीन-चार से आ रही थी। तभी युवक ने पहले युवती और फिर उसके बाद पिता की गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली। पहली नजर में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
एसपी राज ने बताया कि मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक ढंग से जांच की जा रही है। घटना की छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद ही मामला पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।
0 Comments