Jagran Prabhat : करणी सेना का प्रवक्ता बता राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति को पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया है।
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि राजस्थान के कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के 25 अन्य सांसदों को वीडियो के माध्यम से धमकी दी थी। वीडियो में आरोपित ने अपना नाम राज सिंह आमेरा बताया है। उसने आरोप लगाया कि संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में 25 कांग्रेसी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे करणी सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। वीडियो में वह कहता दिखाई देता है कि अगर ऐसी घटना दोबारा हुई तो हम उन सांसदों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ करेंगे। मेरा मानना है कि यह घटना राहुल गांधी के कहने पर हुई। राहुल गांधी, ध्यान से सुन लो, अगर ऐसा फिर हुआ तो हम आपके घर में घुसकर आपको गोली मार देंगे।
राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता धमकी से नहीं डरेंगे। पहले उच्च न्यायालय सहित कई भवनों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, अब लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को भी निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने बताया कि कोटा में एक व्यक्ति ने इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक बयान दिया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

0 Comments