Jagran Prabhat : बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलुआ गांव में सोमवार की सुबह महज 10 फीट जमीन के विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद घायल को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
चाय-पकौड़े की दुकान चलाकर करता था परिवार का पालन-पोषण
मृतक की पहचान रामदेव साव के रूप में हुई है। वह भलुआ बाजार में चाय-पकौड़े की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि बड़े भाई गुड्डू साव के साथ करीब 10 फीट जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।
सुबह शुरू हुआ विवाद, रॉड से किया जानलेवा हमला
सोमवार की सुबह दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर फिर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुड्डू साव ने रॉड से रामदेव साव के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
आरोपी बड़े भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी गुड्डू साव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
बाराचट्टी थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

0 Comments