Jagran Prabhat : झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के सामने हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बेलागंज (गया) से जदयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे एवं निर्माण व्यवसायी विनीत यादव उर्फ जैकी यादव के निजी सुरक्षाकर्मी की उसके ही साथी गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान बक्सर निवासी अतुल सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी बलवीर सिंह बताया गया है। दोनों विनीत यादव के निजी सुरक्षाकर्मी थे। उनके साथ विधायक के नाम से आवंटित गया जिला पुलिस बल का एक सरकारी बॉडीगार्ड भी मौजूद था।
SP आवास के बाहर अचानक भड़का विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विनीत यादव चतरा बाइपास निर्माण कार्य से जुड़े एक मामले में SP आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों के बीच कथित तौर पर खैनी मांगने और पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।
इसी बीच आरोपी गार्ड ने अपनी राइफल से दो राउंड फायरिंग कर दी। पहली गोली विनीत यादव की फोर्ड एंडेवर की छत से टकराई, जबकि दूसरी गोली सीधे अतुल सिंह की आंख में लगी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भागने की कोशिश, लेकिन तुरंत दबोचा गया आरोपी
गोली चलाने के बाद आरोपी बलवीर सिंह मौके से भागने लगा, लेकिन SP आवास की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने जब्त की विनीत यादव की एंडेवर
घटना की सूचना मिलते ही चतरा पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही विनीत यादव की फोर्ड एंडेवर और दोनों हथियारों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
सरकारी बॉडीगार्ड की मौजूदगी पर भी उठे सवाल
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कार में कुल तीन सुरक्षाकर्मी मौजूद थे—दो निजी और एक गया जिला पुलिस बल का सरकारी बॉडीगार्ड। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि विधायक मनोरमा देवी के नाम से आवंटित सरकारी गार्ड उनके बेटे के साथ झारखंड के चतरा कैसे पहुंचा।
आरोपी की जेब से मिला मानसिक इलाज का पुर्जा
डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बलवीर सिंह की जेब से मानसिक उपचार से संबंधित एक चिकित्सीय पुर्जा भी बरामद हुआ है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी की मानसिक स्थिति क्या थी और उसका इस वारदात से कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण, आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और बरामद हथियारों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments