![]() |
| भोजपुर में आरा-बक्सर फोरलेन पर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो। जागरण प्रभात |
- भोजपुर में आरा-बक्सर फोरलेन पर बिहिया थाने के अमराई नवादा गांव के पास हुई दुर्घटना
- प्रकाश और उनकी पत्नी पल्लवी झारखंड के देवघर और बिहार के सारण जिले के दिघवारा के रहने वाले थे सौरव कुमार
Jagran Prabhat : बिहार और झारखंड के लिए रविवार (5 जुलाई) दुखद रहा। भोजपुर में आरा-बक्सर फोरलेन पर ट्रेलर से स्कॉर्पियो के टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना सुबह में करीब छह बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बिहिया थाने के अमराई नवादा गांव के समीप हुई। झारखंड के देवघर के रहने वाले प्रकाश कुमार (32), उनकी पत्नी पल्लवी कुमारी (27) और बिहार के सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के इस्मैला गांव के सौरव कुमार (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रेलर में पीछे से टक्कर मारने के कारण स्कार्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों के शव स्कॉर्पियो के गेट काटकर निकले गए। इंजीनियर प्रकाश कुमार सिंह ही गाड़ी चला रहे थे और उनकी पत्नी उनके बगल वाली सीट पर बैठी थी।
प्रकाश और पल्लवी की 14 फरवरी को हुई थी शादी
प्रकाश कुमार देवघर थाने के देवघर संत संघ नगर के संजय कुमार सिंह के पुत्र थे। प्रकाश कुमार इंजीनियर थे। वह रांची की एक कंपनी में नौकरी करते थे। प्रकाश और पल्लवी की शादी इसी साल 14 फरवरी को रांची में हुई थी। सौरव कुमार सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के इस्मैला गांव के रहने वाले विनोद कुमार का पुत्र था। सौरव कुमार विद्यार्थी था। सौरव कुमार का भाई कुमार गौरव उर्फ सिट्टू (24) गंभीर रूप से घायल है। बेहर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
छुट्टी मनाने गए थे पति-पत्नी
परिजनों ने बताया कि प्रकाश कुमार और सौरव कुमार रिश्ते में ममेरे-फुफरे भाई थे। सभी लोग छुट्टी मनाकर देवघर लौट रहे थे। स्कार्पियो से मृतक और घायल के 10 मोबाइल, कई एटीएम कार्ड और रुपये भी बरामद किए गए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाने की पुलिस और आरा से ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांश भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
पशुपति नाथ का दर्शन लिया था आशीर्वाद
परिजनों ने बताया कि प्रकाश अपनी पत्नी पल्लवी सिंह, फुफेरे भाई सौरव कुमार और कुमार गौरव के साथ 15 दिनों से घूम गए हुए थे। सभी लोगों ने पहले पशुपति नाथ का दर्शन करने नेपाल गए। वहां से अपनी बहन की ससुराल नोएडा गए। वहां से कुल्लू-मनाली और लद्दाख घूमने के बाद नोएडा से स्कॉर्पियो से यूपी के नोएडा होते आरा-बक्सर फोरलेन के रास्ते देवघर लौट रहे थे। बेटे और बहू के घर आने का इंतजार कर रहे माता-पिता को मौत की खबर मिलने खुशियां मातम में बदल गया। परिजनों और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 Comments