राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनके प्रभावशाली और भावपूर्ण अभिनय ने मानवीय अनुभवों की अलग-अलग तस्वीरों को पर्दे पर जीवंत किया। उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जिन्होंने दर्शकों के दिल और दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी। राष्ट्रपति ने नाना पाटेकर के सामाजिक सरोकारों का भी उल्लेख किया और कहा कि वंचित लोगों के प्रति उनकी चिंता तथा समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता उल्लेखनीय थी। उन्होंने अभिनेता के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
PM मोदी ने कहा- पीढ़ियों तक याद रखे जाएंगे नाना पाटेकर के किरदार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बहुत कम अभिनेताओं में नाना पाटेकर जैसी अभिनय की गहराई, विशिष्टता और प्रभावशाली मौजूदगी देखने को मिलती है। प्रधानमंत्री के अनुसार, उन्होंने अपनी प्रत्येक भूमिका में विविधता और रचनात्मकता दिखाई तथा ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। PM मोदी ने कहा कि हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर का योगदान अतुलनीय रहा। उन्होंने अभिनेता के बेबाक और स्पष्ट विचारों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से एक गहरा खालीपन पैदा हुआ है।
राहुल गांधी और खरगे ने भी जताया दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नाना पाटेकर के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि अपने अभिनय और अलग-अलग किरदारों के माध्यम से अभिनेता ने भारतीय सिनेमा और दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नाना पाटेकर के शानदार अभिनय के साथ भारतीय सिनेमा में उनके बहुआयामी योगदान और किसानों तथा वंचित वर्गों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को याद किया।
बिहार के CM सम्राट चौधरी ने बताया अपूरणीय क्षति
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अभिनेता को महान और बहुमुखी प्रतिभा वाला कलाकार बताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा ने एक महत्वपूर्ण कलाकार खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और उनके परिवार व प्रशंसकों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
योगी आदित्यनाथ समेत कई मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाना पाटेकर के निधन को कला जगत की अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने अभिनेता के अभिनय के साथ उनके सामाजिक सरोकारों को भी याद किया। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी शोक व्यक्त किया। माझी ने कहा कि नाना पाटेकर ने अपनी असाधारण प्रतिभा और दमदार अभिनय से छाप छोड़े। उनके निधन के बाद फिल्म जगत के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके प्रशंसकों के बीच भी शोक की लहर है।

0 Comments