बिहार : डुमरिया में पहले भाभी के सामने रोया, फिर चाकू से गला रेतकर मार डाला

Jagran Prabhat : गया से 80 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड के भदवर थाना अंतर्गत नन्दई गांव में मंगलवार (18 फरवरी) को देवर ने भाभी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मगध मेडिकल गया भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इमामगंज के डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि रंजीत पासवान की पत्नी सविता देवी (29) की हत्या करने का आरोप ममेरा देवर अनुज कुमार (22) पर लगाया गया है। हत्या करने के बाद अनुज फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। महिला की हत्या चाकू से गला रेतकर की गई है। उसने हत्या क्यों की। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएंगा।

 सविता देवी की सास बिगवा देवी ने बताया कि घटना के समय पतोहू घर में अकेले थी। वह मध्य विद्यालय नन्दई में थी। वह स्कूल में रसोइया का काम करती है। उनके पति मक्खन पासवान दूसरे गांव में गन्ने की पेराई करने गए हुए थे। बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। सविता का पति रंजीत कुमार प्रयागराज गया हुआ है। वह पेशे से ड्राइवर है। मैगरा के लोगों को महाकुम्भ में स्नान कराने ले गया है।

बताया कि दोपहर में जब वह घर पहुंची तो सविता का ममेरा देवर अनुज कुमार के हाथ में खून लगा हुआ चाकू था। पतोहू का गर्दन कटा हुआ था और वह तड़प रही थी। शोर करने पर अनुज वहां से भाग गया। रोने की आवाज़ सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तब तक सविता की मौत हो चुकी थी।

रंजीत कुमार की भांजी अंशु कुमारी (12) ने बताया कि वह और मामी सविता देवी घटना से थोड़ी देर पहले खेत में काम कर  घर लौटी थी। थोड़ी देर बाद अनुज कुमार घर आया। वह मामी से बात कर रहा था और रो रहा था। उसने बताया कि वह मामी के कहने पर खेत से फावड़ा लाने चली गई। उसके लौटने से पहले ही मामी की हत्या कर दी गई। उसने बताया कि अनुज घर आते रहता था। घटना के बाद से अनुज फरार है।

No comments

Powered by Blogger.