21 जून को दूसरे के बदले नीट परीक्षा देने के आरोप में हुई है गिरफ्तारी
Jagran Prabhat : बिहार के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज, गया के प्राचार्य ने नीट परीक्षा में कथित सॉल्वर गैंग से जुड़े मामले में कॉलेज के दो छात्र अर्पित सिंह और विवेक कुमार को बुधवार को निलंबित कर दिया। 21 जून को दूसरे अभ्यर्थियों की जगह नीट की परीक्षा देने के आरोप में लखीसराय से दोनो को गिरफ्तार किया गया था।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. लता शुक्ला द्विवेदी ने बताया कि दोनों छात्र नीट मामले में आरोपित हैं। 22 जून को उन्हें 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद दोनों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग से आदेश मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया। इसकी सूचना दोनों छात्रों के परिजनों को दे दी गई है।
प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दोनों छात्रों का निलंबन न्यायालय के अंतिम निर्णय तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान उन्हें किसी भी परिस्थिति में कॉलेज परिसर व छात्रावास में प्रवेश और सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लेने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस संबंध में संबंधित विभागों और दोनों छात्रों को आधिकारिक सूचना भेज दी गई है।
अर्पित और विवेक की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। 21 जून को ही डीएसपी व मगध मेडिकल थानाध्यक्ष ब्यॉज हॉस्टल के जिस कमरे में अर्पित सिंह रहता था उसकी तलाशी ली थी। इस दौरान एक टैब बरामद हुआ था, जिसे मगध मेडिकल थाने की पुलिस ने जब्त कर थाने में रखा है। अनुसंधान के दौरान शायद इस टैब से भी कई तरह के राज खुल सकते हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments